हरिद्वार, 4 अप्रैल 2026।
एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में वार्षिकोत्सव ‘उड़ान-2026’ का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रविन्द्र पुरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस सत्र में महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत से अधिक रहा। साथ ही आईटीडीए के सहयोग से डिजिटल मार्केटिंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे निःशुल्क कोर्स संचालित किए गए, जिनमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
कार्यक्रम में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न संकायों में टॉप करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही रेड क्रॉस और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों को भी मंच पर सम्मान मिला।
विशेष उपलब्धियों के तहत भारत बौद्धिक परीक्षा में राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा और खो-खो नॉर्थ जोन के लिए चयनित छात्र को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कर्तव्यपरायणता सबसे बड़ी उपलब्धि है और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहना हर युवा की जिम्मेदारी है।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए आत्मविश्वास, सही मार्गदर्शन और गुरु पर विश्वास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रीकृष्ण और अर्जुन के संवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण समर्पण से ही सच्चा ज्ञान प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में योगीराज हर्षानंद महाराज ने भी समय के महत्व और योग के जरिए आत्मिक उन्नति पर जोर दिया।
वार्षिकोत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत, योग नृत्य, लघु नाटक और लोकनृत्य ने भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया।
समापन सत्र में पूरे वर्ष के विभिन्न कार्यक्रमों के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
गुरु पर विश्वास और कर्तव्यपरायणता ही सफलता की कुंजी: श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरीप्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा को मिला आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवार्ड












Leave a Reply