SMJN कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम सम्पन्न

हरिद्वार के एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति-2020 के तहत मिलने वाले शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ उच्च शिक्षा की शुरुआत करने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की ओर से 13 से 15 जुलाई तक आयोजित इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री देने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने नई शिक्षा नीति के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम वर्ष पूरा करने पर सर्टिफिकेट, द्वितीय वर्ष पर डिप्लोमा, तृतीय वर्ष पर स्नातक डिग्री, चौथे वर्ष पर ऑनर्स डिग्री और पांचवें वर्ष पर स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और छात्र सहायता सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, करियर नियोजन, नवाचार और डिजिटल शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नलिनी जैन ने छात्रों को गंगा की तरह निर्मल और अविरल बनने का संदेश दिया। महाविद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि यह दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *