15 अगस्त और तीज का पर्व एक साथ, जर्स कंट्री की महिलाओं ने मनाया उत्सव

हरिद्वार में तीज उत्सव | 15 अगस्त और तीज का अनूठा संगम
हरिद्वार। 15 अगस्त को देशभर में जहां स्वतंत्रता दिवस का उत्साह देखने को मिला, वहीं इस बार हरियाली तीज का पर्व भी इसी दिन पड़ने से खुशियां दोगुनी हो गईं। ज्वालापुर स्थित जर्स कंट्री की महिलाओं ने एक निजी होटल में तीज उत्सव का आयोजन कर पर्व को हर्षोल्लास और पारंपरिक अंदाज में मनाया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने हरे रंग के परिधान, हरी चूड़ियां, मेहंदी और सोलह श्रृंगार कर हिस्सा लिया। तीज के गीतों और सावन के पारंपरिक गीत-संगीत पर महिलाओं ने जमकर उत्साह मनाया। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी आयु की कामना की।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री संतोष चौहान और समाजसेवी उमा चौहान ने भी शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव-पार्वती की प्रेम कथा सुनाते हुए तीज के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान महिलाओं ने 15 अगस्त और तीज के एक साथ पड़ने को खास अंदाज में जोड़ा। महिलाओं ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस दिन देश को आजादी मिली, उसी दिन तीज पड़ने से उन्हें भी एक दिन के लिए रसोई से आजादी मिल गई। महिलाओं ने कहा कि रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच ऐसे आयोजन उन्हें खुद के लिए समय बिताने और मिल-जुलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में उमा चौहान, डॉ. संतोष चौहान, अलका त्यागी, मधु चुग, शुभ्रा चौहान, ज्योति आर्या, आरती जैन, पूनम सैनी, रीता राजोरा, अदिति चौहान, प्रोमिला शर्मा, योगिता, अनुराधा अग्रवाल, अंकिता चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
तीज के पारंपरिक रंग और स्वतंत्रता दिवस के देशभक्ति के उत्साह ने कार्यक्रम को खास बना दिया। महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ आने वाली पीढ़ियों तक इन्हें पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *