हरिद्वार में इस बार स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज का पर्व एक साथ पड़ने से उत्साह दोगुना नजर आया। ज्वालापुर स्थित जर्स कंट्री की महिलाओं ने एक निजी होटल में तीज उत्सव का आयोजन कर पारंपरिक अंदाज में पर्व मनाया।
हरे परिधानों, हरी चूड़ियों, मेहंदी और सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने तीज के गीतों और विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी उम्र की कामना की।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री संतोष चौहान और समाजसेवी उमा चौहान ने भी शिरकत की। उन्होंने महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव-पार्वती की प्रेम कथा सुनाते हुए तीज के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं महिलाओं ने तीज और स्वतंत्रता दिवस के एक साथ पड़ने को खास अंदाज में जोड़ा। महिलाओं ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस दिन देश को आजादी मिली, उसी दिन तीज का पर्व पड़ने से उन्हें भी एक दिन के लिए रसोई से आजादी मिल गई। महिलाओं ने कहा कि रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच ऐसे आयोजन उन्हें खुद के लिए समय बिताने और मिल-जुलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में उमा चौहान, डॉ. संतोष चौहान, अलका त्यागी, मधु चुग, प्रोमिला शर्मा, अनुराधा अग्रवाल, अंकिता चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। तीज के पारंपरिक रंग और स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति के उत्साह ने कार्यक्रम को खास बना दिया। महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
15 अगस्त के साथ तीज का उत्सव एक साथ जूर्स कंट्री की महिलाओं ने उत्साह पूर्वक मनाया रंगारंग कार्यक्रम के साथ












Leave a Reply