H.R.D.A. की नाक के नीचे अवैध निर्माण? दीक्षा स्कूल के सामने रात-दिन खड़ी हो रही बहुमंजिला इमारत

हरिद्वार। ज्वालापुर की बाल्मीकि बस्ती रोड पर दीक्षा स्कूल के सामने एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि निर्माण कार्य बिना वैध अनुमति के कराया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मौके पर दिन-रात निर्माण कार्य जारी रहने और लगातार निर्माण सामग्री पहुंचने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर संबंधित विभाग की नजर इस निर्माण पर क्यों नहीं पड़ रही है।
सबसे बड़ा सवाल हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण यानी H.R.D.A. की कार्यप्रणाली को लेकर है। अगर निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुसार हो रहा है तो उसकी वैधता और स्वीकृत नक्शे को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जा रही? और अगर निर्माण नियमों के विपरीत है तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचने की बात भी सामने आ रही है, बावजूद इसके निर्माण कार्य लगातार जारी है।
वहीं, गंगा संरक्षण और पर्यावरणीय नियमों के मद्देनजर भी ऐसे निर्माणों की वैधता जांच का विषय बनती है। विशेषज्ञों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में बिना उचित अनुमति बहुमंजिला निर्माण होने की स्थिति में भविष्य में जल निकासी, जलभराव और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि H.R.D.A. इस निर्माण स्थल की जांच कर स्वीकृत मानचित्र और निर्माण की वैधता स्पष्ट करता है या फिर बहुमंजिला इमारत विभागीय कार्रवाई से पहले ही पूरी तरह तैयार हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *