हरिद्वार में RSS का भव्य पथ संचलन, पुष्पवर्षा से हुआ स्वयंसेवकों का स्वागत

हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस और विजयादशमी के अवसर पर चाणक्य शाखा, हरिद्वार क्षेत्र की ओर से शस्त्र पूजन और भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। आर्यनगर, नंदपुरी और मयूर विहार कॉलोनी में पूर्ण गणवेश में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल करते हुए पथ संचलन निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने देशभक्ति गीतों और पुष्पवर्षा के साथ स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं पूर्व जिला संघचालक रोहिताश्व कुँवर चौहान ने विजयादशमी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए स्वयंसेवकों से सत्य, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और सेवा, संस्कार व सामाजिक समरसता को मजबूत करना जरूरी है।

कार्यक्रम में नगर संघचालक एवं अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने सभी का आभार व्यक्त किया। मुख्य शिक्षक अमरेश कुमार रहे, जबकि शाखा कार्यवाह राजेन्द्र रूहेला ने मंच का परिचय प्रस्तुत किया। डॉ. अश्वनी ने एकल गीत और प्रिय पराक्ष ने अमृत वचन का वाचन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता और समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *