जिला भाजपा की बैठक, तिरंगा यात्रा और कलश यात्रा की तैयारी

भारतीय जनता पार्टी हरिद्वार जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ और संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तिरंगा यात्रा को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नेताओं ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा को लेकर भी व्यापक कार्ययोजना बनाई गई। बैठक में उनके सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा संगठन जनसेवा और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को अनुशासन, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्धारण, बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने तथा आगामी अभियानों की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *