डीपीएस रानीपुर में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस



अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरिद्वार के डीपीएस रानीपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इस मौके पर हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा विशिष्ट अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया तथा सभी से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और बुद्धि के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ और सकारात्मक बनाता है।
इस अवसर पर प्रख्यात योगाचार्य योगी रजनीश और योगाचार्य मोहन ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और ऊर्जा आकर्षण का केंद्र रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *