हरिद्वार, 30 सितंबर 2026।
एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों से महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए कॉलेज के कुल छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उर्वशी (एम.कॉम.) को 30 हजार रुपये, हर्षित प्रजापति (बी.एससी.) को 30 हजार रुपये और दिव्या त्रिवाल (बी.कॉम.) को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में विधि गौतम (एम.कॉम.) को 60 हजार रुपये, पलक अग्रवाल (बी.कॉम.) को 50 हजार रुपये और निष्ठा शर्मा (बी.कॉम.) को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इस तरह छह विद्यार्थियों को कुल 2 लाख 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। लगातार दो वित्तीय वर्षों में तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन होना महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल विद्यार्थियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि लगातार दो वर्षों से तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन महाविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के पुरस्कार विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्यों के प्रति और अधिक सजग बनाते हैं।
पुरस्कार के लिए चयनित विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों के मुताबिक पुरस्कार राशि उनके आगे के अध्ययन और उच्च शिक्षा में उपयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री मेधावी छात्र पुरस्कार योजना में चमका एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज












Leave a Reply