एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में स्नातक प्रवेश प्रारंभ

हरिद्वार के एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.कॉम., बी.ए. और बी.एससी. प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से शुरू हो गई है। प्रवेश प्रारंभ होते ही महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की बड़ी संख्या देखने को मिल रही है। महाविद्यालय युवाओं की पहली पसंद बनता नजर आ रहा है।

एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ हो गई है। बी.कॉम., बी.ए. और बी.एससी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। महाविद्यालय परिसर में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए प्रवेशार्थियों और उनके अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है।

महाविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। प्रवेश काउंटरों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है, साथ ही सूचना पट्ट और सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रवेशार्थियों की सहायता के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना यानी एनएसएस और यूथ रेड क्रॉस इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा विशेष हेल्प डेस्क संचालित की जा रही है। हेल्प डेस्क पर तैनात स्वयंसेवक विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन पत्र भरने और दस्तावेज सत्यापन संबंधी जानकारी प्रदान कर रहे

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने बताया कि बी.कॉम. में सामान्य वर्ग की कट ऑफ मेरिट 76 प्रतिशत निर्धारित की गई है। इस मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 8 जुलाई 2026 को प्रवेश दिया जाएगा। बी.कॉम. में ओबीसी वर्ग की कट ऑफ 65 प्रतिशत तथा एससी वर्ग की कट ऑफ 60 प्रतिशत है, जिनके अंतर्गत मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 9 जुलाई 2026 को प्रवेश दिया जाएगा।

इसी प्रकार बी.ए. में सामान्य वर्ग की कट ऑफ मेरिट 63.6 प्रतिशत निर्धारित की गई है। इस मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 8 जुलाई 2026 को प्रवेश दिया जाएगा। बी.ए. में ओबीसी वर्ग की कट ऑफ 51 प्रतिशत तथा एससी वर्ग की कट ऑफ 43.6 प्रतिशत निर्धारित की गई है, जिनके अंतर्गत मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को 9 जुलाई 2026 को प्रवेश दिया जाएगा।

प्राचार्य प्रो. बत्रा ने कहा कि महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया।

प्रवेश समन्वयक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने बताया कि वर्तमान प्रवेश सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएँगे। उन्होंने कहा कि एनएसएस और यूथ रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों द्वारा संचालित हेल्प डेस्क प्रवेश प्रक्रिया को सरल, सुगम और तनावमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *