हरिद्वार के एसएमजेएन पीजी कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा को अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएमजेएन पीजी कॉलेज में आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कॉलेज परिसर से शुरू हुई यात्रा शहर के मध्य से होते हुए वापस महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से देवनगरी गूंज उठी।
मुख्य अतिथि श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और गौरव बनाए रखने के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम न मानकर राष्ट्र और समाज की सेवा का साधन बनाएं।
वहीं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करने का अभियान है। उन्होंने विद्यार्थियों से तिरंगा फहराने के साथ उसकी गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील की।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्र-छात्राओं ने आमजन को भी राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। यात्रा में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
एसएमजेएन कॉलेज में भव्य तिरंगा यात्रा












Leave a Reply