सीबीएसई रिजल्ट में बेटियों का कमाल, शुभी और नैंसी ने बढ़ाया हरिद्वार का मान

हरिद्वार:
सीबीएसई बोर्ड के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद धर्मनगरी हरिद्वार में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। विद्यार्थियों की सफलता पर परिवारों में जश्न का माहौल है, वहीं स्कूलों द्वारा मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में द विजडम ग्लोबल स्कूल की छात्राओं शुभी पांडे और नैंसी पांडे ने शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। शुभी ने 92.2 प्रतिशत तथा नैंसी ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता की नई मिसाल कायम की है।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर पांडे परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने मिठाई खिलाकर बेटियों की सफलता का जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिवार का कहना है कि बच्चों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का ही परिणाम है कि आज उन्हें यह गौरवपूर्ण क्षण देखने को मिला है।
वहीं छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को दिया। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी दोनों छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह सफलता केवल अच्छे अंकों की नहीं, बल्कि उन सपनों और संघर्षों की भी कहानी है, जिन्हें दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर साकार किया गया है।
आज शुभी और नैंसी की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *