उच्च शिक्षा में युवाओं की भागीदारी बढ़ा रहा यूओयू : प्रो. बत्राउत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी ने लगाया निशुल्क पुस्तक मेला, विद्यार्थियों को दी रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की जानकारी

हरिद्वार, 18 मई।
एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज हरिद्वार स्थित अध्ययन केंद्र में सोमवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा जागरूकता कार्यक्रम एवं निशुल्क पुस्तक वितरण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और रोजगारपरक शिक्षा के अवसरों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. शिव कुमार चौहान ने किया। उन्होंने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बदलते समय में ओपन एजुकेशन विद्यार्थियों के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभरी है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अपर निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 के शीतकालीन सत्र में विश्वविद्यालय में छात्र संख्या 40 हजार से अधिक पहुंच चुकी है, जो इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा से वंचित वर्गों और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जोड़ने के लिए अध्ययन केंद्र सामूहिक प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर आयोजित निशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम में विभिन्न विषयों और पाठ्यक्रमों की पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. दीपांकर जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा और उच्च शिक्षा में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने में सहायक बनेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी प्रवेश, परीक्षा, असाइनमेंट एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी, डॉ. लता शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पुनिता शर्मा, डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. विजय शर्मा, यादविंदर सिंह, पंकज भट्ट, संजीत कुमार, श्रीमती हेमवंती, नवीन कुमार, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *