हरिद्वार, 12 मई।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को कॉलेज परिसर में पौधारोपण अभियान चलाकर ‘पर्यावरण बचाओ, पृथ्वी बचाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा और छात्र कल्याण डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से किया।
ग्रीष्म ऋतु की बढ़ती गर्मी और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे। छात्रों द्वारा जिनिया, मैडागास्कर पेरिविंकल, सूरजमुखी, स्नेक प्लांट, एलोवेरा और गुलाब सहित कई पौधों का रोपण किया गया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि युवाओं की यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि यदि युवा प्रकृति से जुड़ेंगे तो समाज में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।
डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में श्री विनीत सक्सेना, श्री प्रिंस, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. मनीषा पांडे, पद्मावती तनेजा और यादवेन्द सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एस.एम.जे.एन. कॉलेज में छात्रों की हरित पहल, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश












Leave a Reply