उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, हरिद्वार के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सोमवार सुबह तड़के चार बजे से ही हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। बिहार और पूर्वांचल के लोगों में छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
व्रतियों ने गंगा की पवित्र धारा में खड़े होकर उगते सूर्य का इंतजार किया। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान गंगा घाटों पर भजन-कीर्तन और छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया गया और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। हरिद्वार के सभी प्रमुख घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *