अखाड़े में फिर बड़ी कार्रवाई, सात संतों का निष्कासन, 25 अन्य पर भी लटकी तलवार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के एक प्रमुख संन्यासी अखाड़े में संतों के निष्कासन का सिलसिला लगातार जारी है। अखाड़े ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साधुओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इससे पहले पिछले महीने भी आठ साधुओं को निष्कासित किया गया था। वहीं, अब एक महंत के निष्कासन और उनकी मढ़ी बंद करने की तैयारी की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
अखाड़े से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ताजा कार्रवाई में गांदी मढ़ी के चार, खालसा मढ़ी के दो और एक अन्य दस मढ़ी से जुड़े साधु को निष्कासित किया गया है। बताया जा रहा है कि मढ़ी के महंतों की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया। साधुओं पर सामाजिक और अखाड़े की मर्यादाओं के अनुरूप आचरण नहीं करने के आरोप हैं। सूत्रों का दावा है कि पहले भी उन्हें अपने आचरण में सुधार लाने की चेतावनी दी गई थी।
इस कार्रवाई के बाद अखाड़े के भीतर हलचल और तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो करीब 20 से 25 अन्य साधु भी निष्कासन की जद में हैं और आने वाले दिनों में कई चरणों में उन पर कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा एक महंत के निष्कासन के साथ उनकी मढ़ी बंद करने पर भी विचार किया जा रहा है।
लगातार हो रही इस कार्रवाई को लेकर संतों के बीच नाराजगी और गुटबाजी की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। निष्कासित संतों में भी फैसले को लेकर रोष बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले में अखाड़े की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल सात संतों के निष्कासन के बाद अखाड़े की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में निष्कासन की यह कार्रवाई कहां तक पहुंचती है और अखाड़े के भीतर चल रही खींचतान क्या नया मोड़ लेती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *