रामलीला के मंच से हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश, श्रीराम के आदर्शों पर चलने की अपील

हरिद्वार के श्री देव सुमननगर टिहरी विस्थापित कॉलोनी में पिछले 20 वर्षों से आयोजित हो रही रामलीला में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव अफाक अली और कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान दोनों अतिथियों ने श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
राव अफाक अली और मनोज धनगर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर रामलीला मंच का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को इमाम-ए-हिंद के रूप में भी देखा जाता है। उनके अनुयायियों को उनके आदर्शों और चरित्र से प्रेरणा लेकर जीवन जीना चाहिए। केवल नारे लगाने से कोई श्रीराम का सच्चा भक्त नहीं बन सकता, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाना जरूरी है।
रामलीला के मंच पर सूर्पणखा प्रसंग का मंचन किया गया। इसमें लक्ष्मण द्वारा सूर्पणखा की नाक काटने और इसके बाद सूर्पणखा के रावण के दरबार में पहुंचकर श्रीराम और लक्ष्मण से बदला लेने के लिए उकसाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर राव अफाक अली ने कहा कि सुमननगर के निवासी उनके परिवार का हिस्सा हैं। वह पिछले 20 वर्षों से रामलीला में शामिल होते आ रहे हैं और क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में आगे भी साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि यहां के लोग भी उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *