हरिद्वार, 10 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2036 में भारत में ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को हरिद्वार से ऋषिकेश तक भव्य संकल्प यात्रा निकाली गई। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ हर की पौड़ी से हुआ। यात्रा के दौरान ‘2036 में ओलंपिक हमारा हो’ का नारा गूंजता रहा।
यात्रा का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देना रहा। हर की पौड़ी से शुरू हुई यात्रा ऋषिकेश तक पहुंची, जहां युवाओं और लोगों में खेलों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देश की युवा शक्ति में अपार प्रतिभा और क्षमता है। युवाओं को यदि सही समय पर उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए तो भारत वर्ष 2036 में ओलंपिक की सफल मेजबानी करने के साथ ही खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश मलिक और गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने भी सहभागिता की। दिनेश मलिक ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और खेल भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
वहीं गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने ‘नशामुक्त उत्तराखंड, स्वस्थ उत्तराखंड और खेलमय उत्तराखंड’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ले जाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक निकली इस संकल्प यात्रा के जरिए ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में तरुण सिरोही समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
उत्तराखंड में गूंजा ‘2036 में ओलंपिक हमारा हो’ का नारा, रेखा आर्या के नेतृत्व में हरिद्वार से ऋषिकेश तक निकली संकल्प यात्रा












Leave a Reply