हरिद्वार, 4 जून। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब चार युवक, जिनमें दो के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर थीं, कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए पाए गए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी तथा स्वामी कैलाशानंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेस क्लब सभागार के प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर युवकों पर पड़ते ही उन्हें रोक लिया गया। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि उनके पास रिवॉल्वर के वैध लाइसेंस हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए उन्हें स्पष्ट कर दिया गया कि हथियारों के साथ कार्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती।
सुरक्षा कर्मियों ने युवकों को सभागार के बाहर ही रोक दिया और हथियार बाहर रखने के बाद ही प्रवेश की अनुमति देने की बात कही। हालांकि बाद में उन्हें कार्यक्रम में शामिल नहीं होने दिया गया। कुछ समय तक सुरक्षा कर्मियों और युवकों के बीच बहस की स्थिति भी बनी, लेकिन मामला शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
घटना के बाद प्रेस क्लब परिसर में यह चर्चा का विषय बन गया कि संबंधित युवक कौन थे, उन्हें किसने आमंत्रित किया था और वे हथियार लेकर कार्यक्रम में क्यों पहुंचे थे। कई पत्रकारों और प्रेस क्लब सदस्यों ने घटना की पुष्टि की है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित युवक उनके पुराने परिचित हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज हैं। इसके बावजूद कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने किसी प्रकार की ढील नहीं बरती।
घटना के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार लेकर प्रवेश की कोशिश को लेकर सुरक्षा प्रोटोकॉल पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते संभावित अप्रिय स्थिति टल गई।
प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि क्लब के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी व्यक्ति ने हथियार के साथ किसी कार्यक्रम में प्रवेश करने का प्रयास किया। मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से इसकी समीक्षा और आवश्यक जांच की मांग की जा रही है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों की तत्परता और सतर्कता की सराहना की।
स्रोत: वरिष्ठ पत्रकार नरेश गुप्ता
हरिद्वार प्रेस क्लब में हथियार लेकर प्रवेश की कोशिश, सुरक्षा कर्मियों ने रोका












Leave a Reply