हरिद्वार। तीर्थनगरी के एक प्रतिष्ठित क्लब से जुड़े सदस्यों की कथित विदेश यात्रा को लेकर चर्चाओं का बाजार लगातार गर्म होता जा रहा है। अब तक जहां इस यात्रा में छह सदस्यों के शामिल होने की चर्चा थी, वहीं नए दावों ने पूरे प्रकरण को और अधिक रहस्यमय बना दिया है।
शहर में चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस विदेश दौरे में छह नहीं बल्कि कुल आठ ‘रत्न’ शामिल थे। इतना ही नहीं, व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी कहा जा रहा है कि इन ‘रत्नों’ की सूची में जलकल विभाग के एक “हेडपंप” का भी प्रतीकात्मक उल्लेख किया जा रहा है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं।
सूत्रों का दावा है कि शुरुआत में केवल छह सदस्यों की यात्रा की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में संख्या सात बताए जाने लगी। इसके बाद एक और कथित “महारत्न” के शामिल होने की चर्चा ने कुल संख्या आठ तक पहुंचा दी। हालांकि इन दावों की किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कथित ‘अष्ट रत्न यात्रा’ का खर्च आपसी समन्वय और संसाधनों के माध्यम से वहन किया गया। लेकिन यात्रा के उद्देश्य, अवधि और खर्च को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मामले को लेकर क्लब से जुड़े अन्य सदस्यों के बीच भी असहजता का माहौल बताया जा रहा है। कई सदस्य खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, जबकि कुछ ने निजी बातचीत में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं।
क्लब की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह मुद्दा अब सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन चुका है। शहर में यह भी चर्चा है कि आने वाले दिनों में इस कथित विदेश यात्रा से जुड़े कुछ और तथ्य सामने आ सकते हैं।
सबसे अधिक चर्चा उन लोगों की चुप्पी को लेकर हो रही है जो समय-समय पर सार्वजनिक जीवन में शुचिता, नैतिकता और पारदर्शिता की वकालत करते रहे हैं। ऐसे में उनकी खामोशी भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है।
(नोट: यह समाचार शहर में प्रचलित चर्चाओं और विभिन्न सूत्रों से प्राप्त जानकारियों पर आधारित है। संबंधित पक्षों की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।)
6 नहीं, 8 ‘रत्न’ निकले विदेश दौरे पर, तीर्थनगरी में गर्माई सियासत












Leave a Reply