हरिद्वार के सामाजिक और क्लब जगत में इन दिनों एक अनोखी कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। कहानी छह ऐसे सदस्यों की, जो अलग-अलग कारणों का हवाला देकर शहर से रवाना हुए, लेकिन लौटे लगभग एक ही समय पर। अब उनके सफर से ज्यादा, उस सफर के पीछे की कहानी लोगों की जुबान पर है।
बताया जाता है कि किसी ने पारिवारिक विवाद सुलझाने की बात कही, किसी ने रिश्तेदार की गंभीर बीमारी का हवाला दिया, तो किसी ने शोक और दुर्घटना जैसी परिस्थितियों को अपनी अनुपस्थिति की वजह बताया। उस समय किसी ने सवाल नहीं उठाए, क्योंकि कारण निजी और संवेदनशील बताए गए थे।
लेकिन चर्चा तब शुरू हुई जब अलग-अलग दिशाओं में गए बताए जा रहे ये छह सदस्य लगभग एक साथ वापस लौट आए। शहर के सामाजिक हलकों में सवाल उठने लगे कि आखिर ऐसा कौन सा संयोग था, जिसने सभी की समस्याओं का समाधान एक ही समय में कर दिया।
चर्चाओं का बाजार यहीं नहीं थमा। अब दावा किया जा रहा है कि यह कोई सामान्य यात्रा नहीं थी, बल्कि विदेश में आयोजित एक विशेष प्रवास था। कुछ लोग इसे महज निजी यात्रा बता रहे हैं, तो कुछ इसके पीछे बड़े हितों और संभावित सौदों की चर्चा कर रहे हैं।
सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि एक चर्चित भूमि कारोबारी की भूमिका को लेकर भी फुसफुसाहटें सुनाई दे रही हैं। हालांकि इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक रूप से सामने आया है।
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कथित यात्रा से जुड़े कई चेहरे क्लब और समाज में आदर्श, सिद्धांत और नैतिकता की बातें करने वालों में गिने जाते हैं। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि यदि चर्चाओं में जरा भी सच्चाई है तो क्या नैतिकता के मानदंड सबके लिए समान हैं?
क्लब के भीतर भी अब पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग सुनाई देने लगी है। कई सदस्य चाहते हैं कि स्थिति स्पष्ट हो ताकि अफवाहों और सच्चाई के बीच की दूरी खत्म हो सके।
फिलहाल सच और चर्चाओं के बीच की रेखा अभी धुंधली है। लेकिन इतना जरूर है कि हरिद्वार के क्लब जगत में “छह रत्नों” का यह सफर अब सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि सवालों, चर्चाओं और उत्सुकता का विषय बन चुका है। आने वाले दिनों में यह रहस्य खुलता है या नहीं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
“छह चेहरे, एक सफर और कई सवाल”












Leave a Reply