हरिद्वार में रोह नदी में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। सुमननगर क्षेत्र में रिवर ड्रेजिंग की अनुमति के बावजूद चार भारी पोकलैंड मशीनों से काम किए जाने की शिकायत पर खनन विभाग ने कार्रवाई की। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों मशीनों को सीज कर दिया है। अब जुर्माने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जिला खनन प्रभारी अधिकारी अमित गौरव के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान नदी में काम कर रही चार पोकलैंड मशीनों को सीज किया गया। हालांकि, मौके पर सात मशीनें दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वहीं, खनन विभाग के मुताबिक नदी में ड्रेजिंग का काम चार मशीनों से किया जा रहा था। ऐसे में बाकी तीन मशीनों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भारी मशीनों को नदी में उतारने के लिए पांच लाख रुपये की एफडी का प्रावधान है। नियमों के उल्लंघन पर एफडी की रकम के तीन गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि यह प्रावधान चारों मशीनों पर लागू होता है, तो जुर्माने की राशि करीब 60 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
अब देखना होगा कि विभाग की अंतिम जांच के बाद चारों मशीनों पर कितना जुर्माना तय किया जाता है और सरकारी खजाने में कितनी राशि जमा होती है।
एक मशीन की अनुमति, नदी में उतर गईं चार पोकलैंड


Leave a Reply