रोड़ी बेलवाला में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम और मेला प्रशासन ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान में 50 से अधिक अवैध कब्जे और अस्थायी ढांचे ध्वस्त किए गए।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने सड़क और सार्वजनिक भूमि पर बनाए गए अवैध दुकानों, ठेलियों और झोपड़ियों को हटाया। अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों का डेटा भी जुटाया है, ताकि भविष्य में इनकी निगरानी की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है।
रोड़ी बेलवाला हर की पौड़ी के नजदीक होने के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। प्रशासन का कहना है कि आगामी स्नान पर्वों और कुंभ मेले को देखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान में उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह समेत मेला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *