कुंभ तैयारियों में समयबद्धता और गुणवत्ता पर नगर आयुक्त का जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने मंगलवार को विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय के समीप सिंचाई विभाग की ओर से अपर गंगा नहर के दाहिने किनारे बनाए जा रहे घाट का निरीक्षण किया। इसके अलावा बहादराबाद विकासखंड के बैरागी कैंप क्षेत्र में स्केप चैनल पर निर्माणाधीन स्नान घाटों की प्रगति भी देखी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार रात्रिकालीन शिफ्ट में भी काम कराने को कहा, ताकि कार्य समय से पहले पूरे हो सकें।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पानी के चैनलों, स्नान घाटों और अन्य निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता के साथ तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को नियमित निगरानी और कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *