राष्ट्रीय राजमार्गों की खराब हालत पर जिलाधिकारी सख्त, NHAI के परियोजना निदेशकों को नोटिस

हरिद्वार, 9 मार्च।
जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों की खराब स्थिति और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सख्त नजर आए। उन्होंने National Highways Authority of India के रुड़की, देहरादून और नजीबाबाद के परियोजना निदेशकों को नोटिस जारी करते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति तुरंत सुधारने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार जनपद से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे, संकेत चिन्हों की कमी, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढा मुक्त किया जाए। साथ ही सड़कों पर समुचित संकेत चिन्ह (साइनेज) लगाए जाएं और जहां-जहां अंधेरा है वहां तत्काल लाइट की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगी सभी लाइटों को भी तुरंत चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चेतावनी दी कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो Disaster Management Act, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नगर मजिस्ट्रेट और सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्गों का निरीक्षण कर रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *