प्रेस क्लब हरिद्वार में परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा संगोष्ठी, पत्रकारों को दिलाई गई यातायात नियमों की शपथ

रिद्वार, 6 फरवरी।
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्रेस क्लब हरिद्वार में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी, प्रेस क्लब पदाधिकारी एवं जिले के वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देते हुए वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने सीट बेल्ट, हेलमेट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे में वाहन न चलाने के महत्व पर जोर दिया। दोनों अधिकारियों ने सभागार में मौजूद पत्रकारों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। इसके साथ ही परिवहन विभाग की ओर से सभी पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए गए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा एवं कार्यक्रम संयोजक आशीष मिश्रा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। संगोष्ठी का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा ने किया।


प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या बन चुकी हैं। उन्होंने श्यामपुर हाईवे का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।
एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, गति नियंत्रित रखें और नशे में वाहन चलाने से बचें तो दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि देश में प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख और वर्षभर में करीब पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें एक लाख लोगों की जान चली जाती है। जागरूकता से मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है।


एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि सभी वाहनों पर आगे और पीछे मानक के अनुसार स्पष्ट नंबर प्लेट होना अनिवार्य है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की सख्त अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल सहायता मिलने से कई बहुमूल्य जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखौला, आशीष मिश्रा, आदेश त्यागी, रामचंद्र कन्नौजिया, अविक्षित रमन, रजनीकांत शुक्ल, गोपाल रावत, संजय आर्य, राहुल वर्मा, प्रतिभा वर्मा, सुदेश आर्या सहित अन्य पत्रकारों ने एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा एवं एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *