हरिद्वार।
हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी और मेहनत एक बार फिर रंग लाई है। हरियाणा से अपनी बेटी की शादी के लिए हरिद्वार आई एक महिला का खोया हुआ बैग ज्वालापुर पुलिस ने बरामद कर उसे सुरक्षित लौटा दिया। बैग में कुल 2 लाख 16 हजार रुपये नगद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को हरियाणा के रोहतक स्थित बड़ा बाजार निवासी महिला ने कोतवाली ज्वालापुर पहुंचकर सूचना दी कि वह अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में होटल मधुबन, रानीपुर (ज्वालापुर) ठहरी हुई हैं। बस अड्डे से ई-रिक्शा में बैठकर रानीपुर मोड़ पहुंचने पर उतरते समय उनका बैग ई-रिक्शा में ही छूट गया।
बैग में बेटी की शादी के लिए रखे करीब 2 लाख रुपये तथा निजी खर्च के 16 हजार रुपये रखे थे। महिला को न तो ई-रिक्शा का नंबर पता था और न ही चालक का नाम।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर द्वारा वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। घनी आबादी वाले ज्वालापुर क्षेत्र में बिना किसी पहचान के ई-रिक्शा की तलाश किसी चुनौती से कम नहीं थी, क्योंकि क्षेत्र में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत, सुरागरसी-पतारसी और सीसीटीवी कैमरों की मदद से थाना क्षेत्र सहित जनपद हरिद्वार के विभिन्न ई-रिक्शा स्टैंड और बस स्टैंड पर जांच की।
लगातार प्रयासों के बाद दिनांक 05 फरवरी 2026 को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित ई-रिक्शा चालक को चिन्हित कर महिला का बैग बरामद कर लिया गया।
ई-रिक्शा चालक ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं महिला की तलाश कर रहा था ताकि उसका खोया हुआ बैग उसे वापस लौटाया जा सके।
पुलिस द्वारा महिला की मौजूदगी में बैग खोला गया, जिसमें 02 लाख 16 हजार रुपये नगद सुरक्षित मिले। महिला ने पुष्टि की कि यही उसकी धनराशि है, जो उसने बेटी की शादी और अपने खर्च के लिए रखी थी।
ज्वालापुर पुलिस की तत्परता और ईमानदार प्रयासों से प्रभावित होकर महिला ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया और राहत की सांस ली।
हरिद्वार पुलिस की तत्परता से लौटा शादी का खोया बैगहरियाणा से आई महिला को ज्वालापुर पुलिस ने लौटाए 2 लाख 16 हजार रुपये










Leave a Reply