हरिद्वार, 5 फरवरी।
पूरी दुनिया को इंसानियत, सत्य और न्याय का संदेश देने वाले हजरत इमाम हुसैन की याद में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले जश्न-ए-हजरत इमाम हुसैन कार्यक्रम के 50 वर्ष पूरे होने पर इस वर्ष स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व राज्य मंत्री सैयद अली हैदर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्ण जयंती के अवसर पर शुक्रवार 6 फरवरी को मंगलौर स्थित हैवन्स पैलेस में सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में कर्बला की शहादत, इमाम हुसैन के बलिदान तथा उनके द्वारा दिए गए सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत के पैगाम पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा 7 फरवरी को मुशायरे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के नामचीन शायर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सैयद अली हैदर ने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए जुल्म और सितम के सामने सिर न झुकाने वाले इमाम हुसैन आज भी नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी से इमाम हुसैन की शिक्षाओं को आत्मसात कर देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह में संघ नेता इंद्रेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही देश के विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, बुद्धिजीवी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रशासनिक अधिकारी और सभी समुदायों के लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस अवसर पर प्रोफेसर तनवीर चिश्ती ने कहा कि देश की मजबूती एकता और अखंडता से ही संभव है। इमाम हुसैन की शहादत मानवता के लिए यह संदेश है कि जुल्म करने वालों के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए।
वहीं यायावर जैदी ने कहा कि इमाम हुसैन ने यजीद की लाखों की फौज का मात्र 72 साथियों के साथ सामना किया, लेकिन अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया और शहादत देकर जुल्म के खिलाफ संघर्ष का अमर संदेश दिया।
पूर्व मंत्री सैयद अली हैदर के प्रेस क्लब पहुंचने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने शॉल ओढ़ाकर और बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। राव आफाक अली ने कहा कि मंगलौर में होने वाला स्वर्ण जयंती समारोह मानवता, एकता और आपसी सौहार्द का मजबूत संदेश देगा तथा युवा पीढ़ी को दिशा प्रदान करेगा।
पत्रकार वार्ता में अथर काजमी, सैयद साबिर, सैयद रईस हैदर जैदी, भगवान गुप्ता, महेश शर्मा, सैयद कौसर जैदी, अमीर हसन अंसारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
6 फरवरी को होगा जश्न-ए-हजरत इमाम हुसैन स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजनइमाम हुसैन ने सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत का दिया पैगाम – सैयद अली हैदर












Leave a Reply