शतरंज में एसएमजेएन कॉलेज का जलवास्थान: हरिद्वार | तिथि: 20 फ़रवरी

धर्मनगरी हरिद्वार स्थित एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर राज्य स्तरीय अंतर्महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का परचम लहराया है। खिलाड़ियों ने अपनी सटीक चालों और रणनीतिक कौशल से प्रतिद्वंद्वी महाविद्यालयों को पछाड़ते हुए शतरंज मेधा के क्षेत्र में संस्थान का दबदबा कायम रखा।
बी.कॉम. छठे सेमेस्टर के छात्र कृष्णा चावला ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए ‘यूनिवर्सिटी चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया और कॉलेज के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। ग्रुप स्पर्धा में भी महाविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम में कृष्णा चावला के साथ हर्षित शर्मा, अनमोल रावत, सुफियान खान और आर्यन बक्शी शामिल रहे। वहीं बी.कॉम. चौथे सेमेस्टर की छात्रा समता शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया।
इस स्वर्णिम सफलता के आधार पर कृष्णा चावला, अनमोल रावत और समता शर्मा का चयन नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में श्रीमहन्त डॉ रविन्द्र पुरी (अध्यक्ष, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट) ने विजेता खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित कर आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वैश्विक तनाव और अस्थिरता के दौर में भारत का युवा मेधा और संकल्प का परिचय दे रहा है। यही प्रतिभावान युवा सशक्त भारत की मजबूत नींव हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि गुरुजनों का मार्गदर्शन ही सफलता का आधार है और कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों ने अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के संरक्षण और प्राचार्य के मार्गदर्शन को दिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी, खेलकूद मुख्य अधीक्षक विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, कोच रंजीता, कोच भारत भूषण और कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *