हरिद्वार में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड का है, जहां मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लैंड करने वाला था। स्वागत के लिए मौजूद भाजपा नेता आगे बढ़े, लेकिन सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया।
इसी दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि और हरिद्वार के एसपी सिटी अभय सिंह के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भाजपा नेता पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में Haridwar-Roorkee Development Authority के सचिव मनीष कुमार सिंह भाजपा नेताओं को समझाते और स्थिति को शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि सीएम की सुरक्षा के नाम पर अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। वहीं सूत्रों के मुताबिक राज्य मंत्री ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री से की है।
हालांकि यदि प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से देखा जाए तो हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ना उचित नहीं माना जाता। पुलिस प्रशासन अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहा था और जमीनी स्तर पर तैनात अधिकारी सुरक्षा मानकों का पालन करा रहे थे।
ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय कैसे सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
BJP नेता अधिकारी भिड़े सचिव मनीष सिंह ने मनाया नेताओं को मामला शांत हुआ












Leave a Reply